कार में आग लगने से तीन की जिंदा जलकर मौत…

मध्यप्रदेश के बालाघाट में बीती रात को कार पुल से गिरी, तीन बुरी तरह से झुलसे…

राजनांदगांव 30 मार्च ।मध्यप्रदेश के बालाघाट के परसवाड़ा के रहने वाले एक परिवार के तीन लोगों की कार में लगी भीषण आग के चलते जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं कार में सवार 8 साल की मासूम समेत मां-बेटे बुरी तरह से आग से झुलस गए हैं। घायलों को गोंदिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया है। घटना बीती रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। बैहर एसडीओपी आईपीएस करणदीप सिंह ने बताया कि एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। तीन का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक बालाघाट के परसवाड़ा के रहने वाले 60 के नागरची केलकर अल्टो कार में अपनी पत्नी, बेटे, बहू और दो मासूम बच्चों के साथ पौनी गांव जा रहे थे। बीती रात को लगभग 12 बजे जैसे ही उनकी कार मलाजखंड के नजदीक केवलारी चौराहे से गुजर रही थी, उसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गई। इस घटना में कार में भीषण आग लग गई। आग की चपेटे में आने से 28 साल की सविता व 3 साल की अभि केलकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में नागरची केलकर की पत्नी और उसका बेटा सितम केलकर और 8 साल की मासूम बुरी तरह से आग में झुलस गए। घटना की खबर के बाद आसपास की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। किसी तरह घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि आग में झुलसे सभी घायलों की स्थिति बेहद नाजुक है। केलकर परिवार एक निजी काम के सिलसिले में पौनी गांव जाने निकले थे। इससे पहले यह हादसा हो गया। देर रात तक बालाघाट पुलिस के जवान कार में लगी आग को बुझाने के लिए डटे रहे। पुलिस इस बात की पतासाजी कर रही है कि कार में आग कैसे लगी। पुलिस को अंदेशा है कि तेज रफ्तार में होने के कारण संभवत: पुल में गिरते ही पेट्रोल टंकी में विस्फोट हुआ होगा। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।