ठाकुरटोला में दिव्यांगजनों हेतु दिव्यांगजन द्वारा मेला ”पर्पल फेयर” का किया गया आयोजन…..

राजनांदगांव 28 जुलाई 2025। दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) ठाकुरटोला राजनांदगांव में आज दिव्यांगजनों हेतु दिव्यांगजन द्वारा मेला ”पर्पल फेयर” का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। श्री सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) ठाकुरटोला देश, प्रदेश एवं विशेषकर राजनांदगांव के लिए महत्वपूर्ण केन्द्र है। भविष्य में प्रदेश के तमाम दिव्यांग बच्चे एवं बुजुर्गों के पुनर्वास, उपकरण तथा समय-समय पर उन्हें आधुनिक तकनीकों से अवगत कराने, उनके सम्मान, सामाजिक स्तर पर सशक्त बनाने, उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए एक अद् भूत केन्द्र राजनांदगांव में है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस संस्थान का सदुपयोग करें। हर दिव्यांग तक शिक्षा एवं उपकरण पहुंचे तथा उनके प्रति समाज में संवेदनशीलता एवं जागरूकता रहे। छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव में दिव्यांगजनों के लिए एक दूरदर्शी प्रयास करते हुए सीआरसी सेंटर प्रारंभ किया गया है। जहां उन्हें सम्मान के साथ-साथ आजीविका के लिए भी अवसर उपलब्ध हो रहे है। इस संस्थान में निस्वार्थ भाव से दिव्यांगजनों की सेवा की जा रही है। यहां ऐसे प्रशिक्षित एवं विशेषज्ञों के द्वारा दिव्यांगजनों को शारीरिक एवं मानसिक तरीके से मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। दिव्यांगजनों के सशक्त बनने से हमारा प्रदेश सशक्त बनेगा। उन्होंने पर्पल फेयर में लगाए गए सभी स्टॉल का अवलोकन किया तथा दिव्यांगजनों द्वारा बनाई गई खुबसूरत पेंटिंग एवं उनके हुनर की प्रशंसा की।

पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने कहा कि मक्के के दाने की पंक्तिबद्धता, संतरो की कलियों का अनुशासन, गुलाब की कलियों की व्यवस्था, मोर पंख की सुंदरता देखी होगी, इन सभी को मिलाकर समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) ठाकुरटोला बना है। उन्होंने कहा कि खेलना और मुस्कुराना ईश्वर के हाथ में हैं और उनके बीच महकना इंसान के हाथ में है।