
डोंगरगढ़। मां बम्लेश्वरी मंदिर पहाड़ी में आज दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा हुआ जब रोपवे की ट्राली अचानक टूट कर गिर पड़ी। हादसे में रोपवे की ट्राली में सवार वरिष्ठ भाजपा नेता तथा पूर्व मंत्री वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश मंत्री भरत वर्मा, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल तथा भिलाई के भाजपा पार्षद दया सिंह घायल हो गए। भरत वर्मा को गंभीर चोट पहुंची है। उन्हें इलाज के लिए राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ भाजपा नेता तथा पूर्व मंत्री राम सेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश मंत्री भरत वर्मा, मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, भिलाई के भाजपा पार्षद दया सिंह, श्री पैकरा के करीबी बलराम सिंह तथा सिद्धार्थ सिंह शुक्रवार की दोपहर रोपवे से ऊपर पहाड़ी स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे थे। बताया जाता है कि देवी दर्शन के पश्चात वे सभी नीचे आने के लिए रोपवे की ट्राली में सवार हुए। इसी दौरान अचानक ट्रॉली हिचकोले खाने लगी और इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता ट्रॉली टूट कर नीचे जा गिरी। इस हादसे में ट्राली में सवार सभी भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भरत वर्मा, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल तथा दया सिंह घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर घायलों को बाहर निकाला गया। ट्राली से निकालने के बाद भाजपा नेताओं को नवीन रेस्ट हाउस ले जाया गया। जहां डॉक्टर सम्राट जैन ने उनका प्राथमिक उपचार किया । गंभीर स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता भरत वर्मा को राजनांदगांव के संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां भी प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया। संजीवनी अस्पताल सूत्रों के मुताबिक भरत वर्मा को हाथ में फैक्चर हुआ है। इसके अलावा उन्हें सर्वाइकल प्रॉब्लम भी बताई जा रही है। उनकी गर्दन के पास भी गंभीर चोट पहुंची है जिसे देखते हुए उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया। अन्य भाजपा नेता पूर्व मंत्री रमेश पैकरा, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल तथा दया सिंह को मामूली चोट पहुंची है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रोपवे के संचालन पर लगी रोक
मां बम्लेश्वरी मंदिर के आज रोपवे हादसे के बाद इसके संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मेंटेनेंस के कार्य में लापरवाही के चलते हादसा होना बताया जा रहा है।
बॉक्स
पूर्व में भी हो चुका है हादसा
डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर पहाड़ी में पूर्व में भी रोपवे हादसा हो चुका है। लगभग तीन वर्ष पूर्व नवरात्रि पर्व के दौरान रोपवे की एक ट्राली टूट कर पहाड़ी पर जा गिरी थी। इस हादसे में रोपवे सवार भिलाई की एक महिला की मौत हो गई थी वहीं कई दर्शनार्थी घायल हो गये थे।
एसपी साहित जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे
रोपवे हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, सीईओ सुरुचि सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के राहुल देव शर्मा आदि नवीन विश्राम गृह पहुंचे। जहां उन्होंने पूर्व मंत्री श्री पैकरा सहित अन्य भाजपा नेताओं का हाल-चाल जाना।
हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए-पैकरा
रोपवे हादसे के बाद नवीन विश्राम गृह में मीडिया से संक्षिप्त चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री श्री पैकरा ने कहा कि हादसा अप्रत्याशित था। माता की कृपा से हम सुरक्षित बच गए किंतु इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।