
राजनांदगांव 10 मार्च 2026। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अभियान अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सुरगी, बघेरा, सुकुलदैहान, मोहन्दी, पदुमतरा, भैंसातरा, मोहारा, बोरतलाव, कनेरी, बेलरगोंदी, गैंदाटोला, महरूम, चिरचारीकला एवं सड़क चिरचारी, आयुष योगा एण्ड वेलनेस सेंटर, आयुष पॉलीक्लीनिक चिखली प्रतिदिन सुबह 7 बजे से विशेष योगसत्रों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को गैरसंचारी रोगों, मधुमेह, उच्च रक्तचाप से बचाव तथा रोगों को नियंत्रित रखना हैं। आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा मंडूकासन, वृक्षासन, भुजंगासन तथा प्राणायाम सहित विशेष योगाभ्यास कराया जाएगा। सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिमाह बीपी, शुगर स्क्रीनिंग की जायेगी। योग तथा जीवन शैली द्वारा इन रोगियों को

मिलने वाले लाभों एवं सुधार की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आयुष चिकित्सकों द्वारा दिनचर्या में अनियमित जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव के लिए दैनिक खानपान एवं जीवनशैली में सुधार हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. शिल्पा मिश्रा ने जिले के नागरिकों से गैरसंचारी रोगों से बचाव एवं नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित योगाभ्यास के लिए अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नागरिक योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ एवं ऊर्जावान रह सकते है।
