नगर निगम टाउन हॉल में एच.एस.आर.पी. नम्बर प्लेट के लिये दो दिवसीय शिविर, पार्षदो, अधिकारियो व कर्मचारियो मे दिखा उत्साह….

राजनांदगांव 11 जुलाई। अपने वाहन की सुरक्षा बढाने नंबर प्लेट लगवाने आज नगर निगम टाउन हॉल में दो दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की पहल पर निगम के जन प्रतिनिधियो, अधिकारियो व कर्मचारियो तथा आम नागरिको के लिए 1 जुलाई 2019 के पहले पंजीकृत सभी वाहनो में एच.एस.आर.पी. नम्बर प्लेट लगाने हेतु परिवहन विभाग के सहयोग से 11 व 12 जुलाई को शिविर आयोजित किया जा रहा है। आज पहले दिन पार्षदो सहित कर्मचारियो व नागरिको ने लगभग 70 की संख्या में अपने वाहन के लिए शिविर का लाभ लिए।

एच.एस.आर.पी. नम्बर प्लेट लगाने से वाहन की सुरक्षा बढ़ जाती है और धोखाधड़ी से बचाव होता है। यह प्लेट एक विशेष प्रकार की नंबर प्लेट होती है जिसे छेड़छाड़ या जाली बनाना मुश्किल होता है। एच.एस.आर.पी. नम्बर प्लेट में एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर होता है,जो इसे जाली नंबर प्लेट से अलग करता है, साथ ही एक होलोग्राम और एक लेजर-ब्रांडेड नंबर होता है, जिससे इसे कॉपी करना या छेड़छाड़ करना मुश्किल होता है तथा वाहन की सुरक्षा बढ़ती है। इस नम्बर प्लेट में एक यूनिक कोड होता है, जिसे स्कैन करके वाहन की जानकारी तुरंत प्राप्त की जा सकती है, जिससे चोरी या खोए हुए वाहनों को ट्रैक करने में आसानी होती है।