
राजनांदगांव 2 अक्टूबर। नगर निगम मे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में पुष्पाजली अर्पित की गई। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, उप नेता प्रतिपक्ष मुकेश साहू, पार्षद प्रमोद झंझाडे, श्रीमती झामित नादान सेन एवं रवि सिन्हा, कार्यपालन अभियंता व प्रभारी आयुक्त दीपक खाण्डे द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के तैल चित्र पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवल किया गया। इसके अलावा निगम पदाधिकारियो ने पुराना बस स्टैण्ड स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पाजली अर्पित की।

इस अवसर पर रजत जयंती वर्ष अंतर्गत भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिन 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री यादव ने निगम पदाधिकारियो की उपस्थिति में सफाई संबंधित कार्य करने वाले उद्यमी सफाई मित्र व स्वच्छता दीदीयों, एवं स्वच्छता में सहयोग करने वाले एन.एस.एस. के विद्यार्थी तथा संत निरंकारी मण्डल के पदाधिकारियो का प्रशस्ति पत्र देकर सम्माान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न स्थानों में वृक्षारोपण करने वाली ओमेन फार ट्री की महिलाओ को साडी वितरण किया गया।

महापौर श्री यादव ने अपने संबोधन में विजयादशमी एवं गांधी शास्त्री जयंती की बधाई देते हुए उनके द्वारा देश के लिए किए गए कार्यो को याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग में चल कर देश को आजादी दिलाई। वही शास्त्री जी ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में जय जवान जय किसान का नारा देकर किसानो, जवानो एवं देश हित में कार्य कर देश को उन्नति के शिखर पर ले गए।
