
राजनांदगांव 3 मार्च । मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद आर्य के निर्देशन में एवं रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट राजनांदगांव द्वारा “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए यात्री का खोया हुआ सामान सुरक्षित रूप से वापस किया गया।
02.04.2026 को समय 11:15 बजे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गोंदिया से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 12271 सिकंदराबाद एक्सप्रेस के कोच S-03, सीट नं. 25 में एक महिला का ट्रॉली बैग एवं लेडीज पर्स छूट गया है।
उक्त सूचना पर गाड़ी के समय 11:33 बजे प्लेटफार्म नं. 01 पर आगमन होने पर आरक्षक मनीष पटेल द्वारा संबंधित कोच एवं सीट की जांच की गई, जहाँ सीट के पास एक भूरे रंग का ट्रॉली बैग एवं एक लेडीज पर्स लावारिस स्थिति में मिला। आसपास के यात्रियों से पूछताछ करने पर कोई भी व्यक्ति उक्त सामान का दावा नहीं कर पाया।
तत्पश्चात उक्त सामान को सुरक्षित रूप से गाड़ी से उतारकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, राजनांदगांव लाया गया तथा इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गोंदिया एवं शिकायतकर्ता को दी गई।
कुछ समय पश्चात, लगभग 12:00 बजे एक महिला रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, राजनांदगांव में उपस्थित हुई, जिसने अपना नाम हसीना बानो, उम्र 45 वर्ष, निवासी रायपुर बताया। उन्होंने जानकारी दी कि वे सिकंदराबाद से रायपुर की यात्रा कर रही थीं। गोंदिया स्टेशन पर नाश्ता लेने हेतु उतरने के दौरान गाड़ी चलने से वे वहीं छूट गईं, जिससे उनका सामान गाड़ी में ही रह गया।
महिला द्वारा अपना आधार कार्ड एवं यात्रा टिकट (PNR नं. 4755700825) प्रस्तुत कर सामान की पुष्टि की गई। बैग में रखे सामान के संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि ट्रॉली बैग में लगभग 18 जोड़ी नए कपड़े (कीमत लगभग ₹35,000/-) एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी (कीमत लगभग ₹45,000/-) रखी हुई है, जो जांच के दौरान सही-सलामत पाई गई।
सत्यापन उपरांत उक्त ट्रॉली बैग एवं लेडीज पर्स को सामान सहित उसकी वास्तविक मालिक हसीना बानो को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹80,000/- है।
महिला द्वारा इस सराहनीय कार्य के लिए रेलवे सुरक्षा बल का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा किए गए इस कार्य से यात्रियों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।
