केकड़ेहुर में पुलिस की चौपाल आयोजित, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ग्रामीणों को किया जागरूक…

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 23 जून 2026/ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर सुदूर अंचल ग्राम केकडेंहुर में पुलिस की चौपाल आयोजित की गई। जहां सुदूर अंचल के बच्चों के बीच पहुंची पुलिस टीम द्वारा खेल सामग्री वितरण किया गया। साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस ने जीता ग्रामीणों का विश्वास, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में 23 जून 2026 को थाना सीतागांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम केकड़ेहुर, ग्राम पंचायत हलांजूर में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सीतागांव निरीक्षक संजय कुमार यादव द्वारा सुदूर अंचल क्षेत्र के स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी बच्चों एवं ग्रामीणजनों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वतंत्र भारत की 562 रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें “लौह पुरुष” की उपाधि मिलने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया अपराध एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं बच्चों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा निकटतम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में महिलाओं को घरेलू हिंसा, महिला संबंधी अपराध, बाल अपराध, महिला अधिकार, अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पटेल मनीराम तुलावी, मितानिन श्रीमती रमीला बाई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उमरोबाई तुलावी, रामसु नेताम, भालसिंह तुलावी, सुखराम आंचला, चमराराय गावड़े, बुधराम नुरेटी, संजय तुलावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चों एवं महिलाओं को चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए।

ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के इस मानवीय एवं विश्वास निर्माण के प्रयास की सराहना करते हुए कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस एवं ग्रामीणों के मध्य आपसी विश्वास को मजबूत करना, बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना तथा समाज में जागरूकता का प्रसार करना रहा।