दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र के ग्राम कहडबरी में 3.20 करोड़ रुपये से बन रहा 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र, 18 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली सुविधा……

मोहला, 20 नवम्बर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता एच.के. मेश्राम ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मानपुर विकासखंड अंतर्गत दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम कहडबरी में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत निर्माणाधीन नवीन 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेन्द्र निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा स्थापित किए जा रहे विद्युत उपकरणों, पॉवर ट्रांसफार्मर एवं उपकेन्द्र से निकलने वाली विद्युत लाइनों के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य अभियंता श्री मेश्राम ने कहा कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक बेहतर विद्युत सुविधाएं पहुंचाना कम्पनी की प्राथमिकता है। ऐसे क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना का विस्तार केवल बिजली आपूर्ति को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने, कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्राम कहडबरी में नवीन विद्युत उपकेन्द्र का निर्माण पूर्ण होने से आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति की क्षमता एवं गुणवत्ता में सुधार होगा। विशेष रूप से कृषक उपभोक्ताओं को कृषि कार्यों के लिए बेहतर वोल्टेज एवं अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता श्री अनिल कुमार रामटेके, सहायक अभियंता शिरीष कुमार मिलिंद सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

3.20 करोड़ रुपये से सुदृढ़ होगी वनांचल क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था, 18 गांवों के 2650 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित….

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मानपुर विकासखंड अंतर्गत दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र के ग्राम कहडबरी में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत लगभग 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत 18 किलोमीटर 33 के.व्ही. विद्युत लाइन एवं 6.50 किलोमीटर 11 के.व्ही. विद्युत लाइन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही उपकेन्द्र में 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा।

इस उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र के 18 ग्रामों के लगभग 2650 कृषक एवं ग्रामीण उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना के इस विस्तार से स्थानीय ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने, कृषि कार्यों को बेहतर विद्युत सुविधा प्रदान करने तथा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।